नोएडा (संवाद)। सेक्टर-56 स्थित एक मकान से शादी समारोह में शामिल होने आए 60 वर्षीय बुजुर्ग लापता हो गए। मंगलवार को सेक्टर-58 थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। डॉ. गौतम कुमार सेक्टर-56 में रहते हैं। उनके मौसा 60 वर्षीय हीरालाल प्रसाद शादी समारोह में शामिल होने आए थे। सोमवार दोपहर करीब साढ़े चार बजे वह सेक्टर-56 स्थित मकान से बिना बताए निकल गए। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चलने पर परिजनों ने मंगलवार को थाने पहुंचकर शिकायत दी। लापता हीरालाल मूल रूप से बेतिया, पश्चिमी चंपारण (बिहार) के निवासी हैं। थाना प्रभारी अमित तोमर ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर बुजुर्ग की तलाश की जा रही है।