नशे में युवक ने होलिका में लगा दी आग
नोएडा। नशे में युवक ने शुक्रवार रात सेक्टर-12 स्थित होलिका में आग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाई। उसी स्थान पर दूसरी होलिका लगवाकर स्थिति को सामान्य किया। होलिका दहन से पहले आग लगाने वाले युवक के खिलाफ लोग कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस ने कुछ समय बाद ही आरोपी युवक अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया। राजकीय इंटर कालेज के पीछे वाई ब्लॉक में हर वर्ष होलिका दहन किया जाता है। शुक्रवार देर रात युवक ने होलिका दहन में रखी लकड़ियों में आग लगा दी। आग ने विकराल रूप धारण किया तो स्थानीय लोगों को जानकारी हुई। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। लोगों ने खुद ही आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में पहुंची पुलिस ने आग पर काबू पा लिया। देखते ही देखते होलिका दहन से पहले होलिका में आग लगने की तस्वीरें सोशल मीडिया के विभिन्न समूहों पर वायरल हो गई। भारी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।