ग्रेटर नोएडा। प्राधिकरण के सेक्टर ज्यू वन व टू और थ्री में निर्मित भवनों की आवासीय योजना के आवेदनकर्ताओं का इंतजार खत्म होगा। चार माह बाद प्राधिकरण ने योजना का ड्रॉ 22 और 23 मार्च को कराने का फैसला लिया है। प्राधिकरण के सभागार में ड्रॉ निकाला जाएगा। प्राधिकरण ने नवंबर में आवासीय योजना निकाली थी। इसके तहत सेक्टर ज्यू वन, टू व थ्री में 120 और 200 वर्ग मीटर के 113 भवन बनक तैयार हैं। इनमें सेक्टर ज्यू वन में 200 वर्ग मीटर के 12, ज्यू टू में 120 वर्ग मीटर के 15 व ज्यू थ्री में 120 वर्ग मीटर के 86 भवन हैं। 22 मार्च को सेक्टर ज्यू वन व ज्यू टू का ड्रॉ होगा, जबकि 23 मार्च को 120 वर्ग मीटर के 86 भवनों का ड्रॉ होगा। प्राधिकरण के महाप्रबंधक संपत्ति आरके देव ने बताया कि आवेदकों की सूची 21 मार्च तक प्राधिकरण की वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी। सभी भवन बनकर तैयार हैं। एकमुश्त भुगतान करने का विकल्प चुनने वाले आवेदकों को पहले मौका दिया जाएगा। अगर कोई भवन बचता है तो उसके बाद किस्तों पर भुगतान का विकल्प चुनने वालों के बीच ड्रॉ होगा। ड्रॉ में 12 से 14 साल के दो स्कूलों के छात्र पर्ची निकालेंगे। ड्रॉ को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जाएगी।