नोएडा (संवाद)। गौतमबुद्ध नगर को नया मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) मिल गया। शासन ने बहराइच में वरिष्ठ परामर्शदाता के पद पर तैनात डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी को जिले का नया सीएमओ नियुक्त किया है। चिकित्सा और स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस बाबत आदेश जारी किए गए हैं। वहीं वर्तमान सीएमओ डॉ. नरेंद्र कुमार का तबादला लखनऊ स्थित चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय में संयुक्त निदेशक पद पर किया गया है। शासन के विशेष सचिव की ओर से जारी आदेश में दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पदों का कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। डॉ. त्रिपाठी मंगलवार को गौतमबुद्ध नगर पहुंचकर कार्यभार संभालेंगे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने नए सीएमओ के आगमन की तैयारियां शुरू कर दी हैं।