ऑफ ग्रिड सोलर पावर प्लांट लगवाने का मिलेगा अनुदान : राहुल हुड्ड एडीसी
अमर उजाला ब्यूरो
नूंह। जिले में अक्षय ऊर्जा का लोग ज्यादा से ज्यादा फायदा उठा सके और परंपरागत ऊर्जा स्त्रोत पर निर्भरता कम हो सके। इसके लिए ऊर्जा विभाग हरियाणा द्वारा अपरम्परागत ऊर्जा स्त्रोतों को बढ़ावा दिया जा रहा है। अतिरिक्त उपायुक्त एवं नोडल अधिकारी राहुल हुड्डा ने बताया कि सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए घरों, संस्थाओं, अस्पतालों, स्कूल व सरकारी विभागों में अब ऑफ ग्रिड सोलर पावर प्लांट लगाने पर भी अनुदान देने का निर्णय लिया गया है। एक किलोवॉट ऑफ ग्रिड सोलर पावर प्लांट की कुल कीमत लगभग एक लाख 10 हजार होगी। आम लोगों को एक किलोवॉट से 100 किलोवॉट तक की क्षमता के ऑफ ग्रिड सोलर पावर प्लांट पर 30 प्रतिशत तक का अनुदान दिया जाएगा। सरकारी विभागों को 40 प्रतिशत अतिरिक्त अनुदान राशि दी जाएगी अर्थात यदि सरकारी विभाग ऑफ ग्रिड सोलर पावर प्लांट लगवाते हैं तो उन्हें 70 प्रतिशत की अनुदान राशि दी जाएगी। उन्होंने बताया कि यह एक वरदान के रूप में साबित होंगे, क्योंकि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की सप्लाई शहरी क्षेत्रों के मुकाबले कम रहती है। उन्होंने जिले के सभी सरकारी विभागाध्यक्षों एवं आमजन से इसे लगवाने की अपील की।