सेवानिवृत महिला आईएएस के घर से चोरी में आरोपी घरेलू सहायक गिरफ्तार
- 15 लाख की हुई थी चोरी, पुलिस ने डेढ़ लाख किया बरामद
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-126 कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर-128 स्थित जेपी विशटाउन सोसाइटी निवासी सेवानिवृत आईएएस के घर से लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी करने वाले घेरलू सहायक को गिरफ्तार कर पुलिस ने मामले का पर्दाफाश कर दिया है। आरोपी घरेलू सहायक योगेंद्र निवासी बुलंदशहर को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी के आभूषण समेत करीब डेढ़ लाख रुपये नकदी बरामद हुआ है। जिसे उसने आभूषण बेच कर अर्जित किया था।
एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि सेवानिवृत महिला आईएएस प्रवीण होरो सिंह ने शुक्रवार को सेक्टर-126 थाना में चोरी होने की शिकायत दी थी। जिसमें उन्होंने करीब 15 लाख रुपये के आभूषण चोरी की बात कही थी। मामले में घरेलू सहायक योगेंद्र पर चोरी का शक जताया था। एसीपी की गठित टीम ने इस मामले में छानबीन शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश कर दिया। आरोपी वर्तमान में गढ़ी चौखंडी गांव में रह रहा था। उसके पास से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, दो सोने की चेन, एक गले के सोने का सेट, एक सोने का कड़ा, क अंगूठी समेत अन्य आभूषण बरामद किए गए। वारदात वाले दिन सेवानिवृत्त अधिकारी परिवार समेत घर से बाहर थी। जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। वह करीब सात-आठ साल से घरेलू सहायक के रूप में काम कर रहा था।