लिफ्ट में पालतू कुत्ते ने बच्चे पर किया हमला, केस दर्ज
- सेक्टर-168 स्थित सनवर्ल्ड अरिश्ता सोसाइटी का मामला
नोएडा। सेक्टर-168 स्थित सनवर्ल्ड अरिश्ता सोसाइटी की लिफ्ट में पालतू कुत्ते ने बच्चे पर हमला कर दिया। बच्चे की मां ने कोतवाली एक्सप्रेसवे में कुत्ते के मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस को दी शिकायत में सोसाइटी निवासी अन्नपूर्णा सिंह ने कहा कि शुक्रवार शाम करीब 5: 45 बजे बेटा अथर्व सिंह ग्राउंड फ्लोर की लिफ्ट से फ्लैट में जा रहा था। आरोप है कि उसी वक्त सोसाइटी निवासी अनुज वाही का छोटा बेटा अपने पालतू कुत्ते को लेकर लिफ्ट के अंदर आ गया। लिफ्ट के अंदर की अनुज के पालतू कुत्ते ने अथर्व पर हमला कर घायल कर दिया। अथर्व के बाएं पैर की जांघ पर पंजे से मार दिया। घर पहुंचते ही बच्चे ने मां को इसकी जानकारी दी। परिजन उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। अस्पताल में उपचार और टीकाकरण कराने के बाद अथर्व मां के साथ वापस आया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पालतू कुत्ते के मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। ब्यूरो