फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Noida News: एक जगह डीएम कर रहे स्वागत दूसरी जगह खुला भी नहीं स्कूल

विज्ञापन
विज्ञापन
वंदना श्यारौलिया
विज्ञापन

गाजियाबाद। प्राथमिक विद्यालय कैला जनरल द्वितीय पर ताला लगा हुआ है। शिक्षक न होने से स्कूल नहीं खुल रहा जिससे स्कूल के बच्चों की पढ़ाई का नुकसान हो रहा है। एक जगह तो स्कूल में जिलाधिकारी बच्चों का स्वागत कर रहे हैं दूसरी जगह बच्चों के लिए स्कूल खुल भी नहीं रहा। क्षेत्र निवासियों ने बताया कि कई बच्चे स्कूल आते हैं लेकिन ताला लगा देखकर वापस लौट जाते हैं। स्कूल में मार्च तक 150 बच्चों का पंजीकरण था।
शासनादेश के अनुसार 28 और 29 जून को जिले के सभी परिषदीय स्कूल खोले गए और स्कूलों में समर कैंप आयोजित किया गया। लेकिन प्राथमिक विद्यालय कैला जनरल द्वितीय में कोई गतिविधि नहीं कराई गई। विभाग के अधिकारियों को जानकारी होने के बावजूद स्कूल में किसी शिक्षक को नहीं भेजा गया और स्कूल नहीं खुलवाया गया। स्कूल में लंबे समय से कोई शिक्षक नहीं है। पिछले कई महीनों से स्कूल इंचार्ज स्कूल नहीं आ रही जिसकी वजह से पिछले तीन माह से उनका वेतन भी रोका गया है। प्राथमिक विद्यालय कैला जनरल एक से शिक्षिका नगमा की ड्यूटी स्कूल में लगाई थी लेकिन अब वह भी स्कूल में नहीं आ रहीं।
विज्ञापन


दाखिला कराने आ रहे अभिभावक भी लौटे
पूर्व पार्षद जाकिर सैफी ने बताया कि कई अभिभावक बच्चों का दाखिला कराने के लिए भी स्कूल आ रहे हैं, लेकिन स्कूल बंद देखकर लौट जाते हैं। शिक्षक न होने की कई बार विभाग में शिकायत की गई है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में स्कूल में कई स्कूलों से अस्थाई रूप से शिक्षकों की ड्यूटी लगाई है। कुछ दिन शिक्षक स्कूल में पढ़ाते हैं और फिर गायब हो जाते है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है।

बच्चों को नहीं मिलती डीबीटी की धनराशि
पूर्व पार्षद ने बताया कि स्कूल के बच्चों को कई सालों से डीबीटी धनराशि नहीं मिलती। स्कूल की हेडमास्टर अंजलि सिंह किसी और स्कूल में जाती हैं। उनके पास स्कूल की कंपोजिट ग्रांट भी आती है जिससे स्कूल में कोई कार्य नहीं कराया जाता। इसके साथ बच्चों को मिड डे मील भी नहीं मिलता। बच्चों को पढ़ाई के साथ मूलभूत सुविधाएं भी स्कूल में नही मिल पा रही हैं। अधिकारी स्कूल की हालत को गंभीरता ने नहीं लेते इसलिए इतने सालों से स्कूल की हालत में सुधार नहीं आ रहा।
-
बयान
स्कूल में शिक्षक की व्यवस्था की जा रही है। एक-दो दिन में स्कूल खुलवाया जाएगा और बच्चों की पढ़ाई शुरू कराई जाएगी। - ओमप्रकाश यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी

जिलाधिकारी ने तिलक लगाकर किया बच्चों का स्वागत

फोटो

- कक्षा में प्रथम आने वाले बच्चों को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजियाबाद। शासनादेश के अनुसार सोमवार को परिषदीय स्कूलों के खुलने पर प्रशासनिक अधिकारियों ने स्कूल में बच्चों का स्वागत किया। प्राथमिक विद्यालय कविनगर में जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने तिलक लगाकर बच्चों का स्वागत किया। उन्होंने सभी बच्चों को प्रतिदिन स्कूल आने और मेहनत से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

इसके साथ स्कूल में प्रत्येक कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जिसमें अंशिका, वंदना, वैष्णवी, तरुण और पंखुड़ी शामिल रहीं। इसके साथ हेडमास्टर राजकुमार, एसआरजी पूनम शर्मा, एसआरजी विनीता त्यागी, काजर छिब्बर और मीनाक्षी गुरबख्श को भी सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने स्कूल में पौधरोपण भी किया।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने प्राथमिक विद्यालय क्रिश्चियननगर बागू में बच्चों का तिलक लगाकर और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। दोनों स्कूलों के कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव के साथ खंड शिक्षा अधिकारी विश्वजीत सिंह राठी, एआरपी छविकांत, अंजू सैनी, गीता गोयल, पार्षद शिवम शर्मा मौजूद रहे।
विज्ञापन


माध्यमिक विद्यालयों में भी हुआ छात्रों का स्वागत
राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में भी विद्यार्थियों का स्वागत किया गया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज विजयनगर में प्रधानाचार्या विभा चौहान ने बालिकाओं का तिलक लगाकर स्वागत किया। उन्होंने सभी बालिकाओं को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए कहा। इसके साथ सुबह प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को संचारी रोगों के प्रति जागरूक कर उनसे बचाव के सुझाव दिए गए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें