पिनगवां। दहेज में एक लाख रुपये व बाइक की मांग पूरी न होने पर पति ने पत्नी को तीन तलाक दे दिया। पत्नी का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उससे मारपीट भी करते थे। पीड़िता की शिकायत पर बिछोर थाना पुलिस ने पति सहित पांच अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़िता रवीना निवासी इंदाना ने बताया कि उसकी शादी 3 वर्ष पहले लुकमान पुत्र नसरू निवासी वीरसिका के साथ मुस्लिम रीतिरिवाज से हुई थी। शादी के समय परिजनों ने हैसियत के अनुसार दान दहेज भी दिया था, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग दहेज से नाखुश थे। वे एक लाख रुपये नगदी व एक बाइक की मांग करते थे। पीड़िता ने बताया कि उसने एक लड़की को भी जन्म दिया, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग हमेशा दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते रहे। कई बार उससे मारपीट भी की गई। जिसके बारे में उसने मायके में बताया। कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग नहीं माने। पीड़िता ने बताया कि दहेज की मांग को लेकर उसके पति लुकमान ने उसे तीन तलाक देकर अपनी जिंदगी से बेदखल कर दिया और दहेज में दिया गया सामान भी उसे वापस देने से मना कर दिया। जांच अधिकारी कमल सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। संवाद