नोएडा (संवाद)। सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम के टेबल टेनिस हॉल में गौतमबुद्ध नगर जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन की ओर से दूसरे जिला रैंकिंग टूर्नामेंट का आयोजन 18 और 19 जुलाई को किया जाएगा। प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। एसोसिएशन के अनुसार यह ओपन टूर्नामेंट है, जिसमें जिले के खिलाड़ी हिस्सा ले सकते हैं। प्रतियोगिता में लड़के और लड़कियों के लिए छह आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं। होप्स वर्ग में 11 वर्ष से कम, कैडेट वर्ग में 13 वर्ष से कम, सब-जूनियर वर्ग में 15 वर्ष से कम, जूनियर वर्ग में 17 वर्ष से कम, यूथ वर्ग में 19 वर्ष से कम और मेन्स व वूमेन्स वर्ग में 19 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगे। टूर्नामेंट के लिए पंजीकरण केवल ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा। खिलाड़ी 16 जुलाई 2026 शाम पांच बजे तक अपना पंजीकरण करा सकते हैं।