देहरादून में आयोजित हुई नॉर्थ जोन रोल बॉल चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले जिले के खिलाड़ी । स्
अंडर-11 व जूनियर अंडर-17 नेशनल नॉर्थ जोन रोल बॉल चैंपियनशिप में दिखाई प्रतिभा
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के रोलबॉल के खिलाड़ियों ने उत्तराखंड में बालक व बालिका वर्ग में आयोजित दूसरी मिनी अंडर-11 व जूनियर अंडर-17 नेशनल नॉर्थ जोन रोल बॉल चैंपियनशिप में छह स्वर्ण पदक हासिल किए। इसका आयोजन उत्तराखंड के देहरादून स्थित परेड मैदान पर उत्तराखंड रोल बॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन व रोल बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से 29 से 31 अगस्त तक किया गया। इसमें हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश समेत अन्य राज्यों की टीमों ने भाग लिया। अंडर-11 बालक वर्ग में टीम में शामिल ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासी स्निथिक प्रताप सिंह और ग्रेनो की सेक्टर ओमेगा-1 स्थित गंधर्व सोसाइटी निवासी सात्विक आर्य ने स्वर्ण पदक हासिल किया। अंडर-17 बालक वर्ग में ग्रेटर नोएडा की टाटा स्टील सोसाइटी निवासी शिवम वर्मा ने स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। वहीं, अंडर-17 बालिका वर्ग में चाईफाई निवासी तनिष्का तंवर और सेक्टर डेल्टा दो निवासी सारा सिंह, गाजियाबाद के वैशाली निवासी आरोही चिरानिया ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। सभी विजेता खिलाड़ी ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-37 स्थित समसारा वर्ल्ड अकादमी में कोच मिलिंद शर्मा की निगरानी में रोलबॉल की तैयारी करते हैं। जिला रोल बॉल स्पोर्ट्स संघ के अध्यक्ष मोहित दलगीर और सचिव रविकांत ठाकुर ने विजेताओं को जीत की बधाई दी।