ग्रेटर नोएडा (संवाद)। लखनऊ में आयोजित हुई तीन दिवसीय राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप (सब-जूनियर, कैडेट एवं जूनियर वर्ग) में गौतमबुद्ध नगर के खिलाड़ियों ने तीसरा स्थान हासिल किया। जिले के 107 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया था। सभी खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए टीम को यह उपलब्धि दिलाई। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने वाले सोलह खिलाड़ी 3 से 5 जून तक देहरादून में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। गौतम बुद्ध नगर कराटे वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों और कोच ने खिलाड़ियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।