नूंह। जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा बुधवार से जिलास्तरीय बाल महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन सरदार गुरमुख सिंह मेमोरियल स्कूल में किया जाएगा। इस शुभारंभ 6 नवंबर को अतिरिक्त उपायुक्त विवेक पदम सिंह करेंगे। जिला बाल कल्याण अधिकारी कमलेश शास्त्री ने बताया कि जिलास्तरीय बाल महोत्सव में एकल सांग, एकल नृत्य, ग्रुप सांग, ग्रुप डांस, क्ले माडलिंग, पोस्टर मेकिंग, बेस्ट ड्रामेबाज, क्विज, भाषण, दीया एवं कैंडल सजावट, थाली पूजन, रंगोली आदि विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। उन्होंने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में चार ग्रुप बनाए गए है जिसमें पहले ग्रुप में कक्षा-1 से कक्षा-5, दूसरे ग्रुप में कक्षा-6 से कक्षा 8, तीसरे ग्रुप में कक्षा-9 से 12वीं तक के विद्यार्थी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि जिलेभर के स्कूलों को जिला शिक्षा अधिकारी और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से ब्लॉक स्तर पर सूचित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इन प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास कराना है। प्रतियोगिताओं के जरिए बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभाएं उजागर होंगी और उनके हुनर का भी पता चलेगा।