नोएडा (संवाद)। अपर निदेशक चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मेरठ मंडल डॉ. मनोज कुमार सेन ने शुक्रवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए अस्पताल में बनाए गए विशेष वॉर्ड में श्रद्धालुओं और मरीजों को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार झा को निर्देश दिए कि सभी चिकित्सक और कर्मचारी निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करें और समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहें। डॉ. सेन ने आईसीयू का भी जायजा लिया। गंभीर मरीजों की जांच में तेजी लाने के लिए उन्होंने नियमानुसार एक अतिरिक्त पोर्टेबल एक्स-रे मशीन खरीदने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। इमरजेंसी विभाग का निरीक्षण करते हुए उन्होंने 24 घंटे एक्स-रे सुविधा सुचारु रखने तथा जरूरत पड़ने पर ऑन-कॉल विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।