ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट में बृहस्पतिवार को हुई जिला विकास एवं खेलकूद प्रोत्साहन समिति की बैठक में जिले के खेल इंफ्रास्ट्रक्चर समेत खिलाड़ियों के कल्याण से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने खेल संरचना के आधुनिकीकरण और खिलाड़ियों के समग्र विकास पर जोर देते हुए योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने के निर्देश दिए। इस दौरान दिव्यांग राष्ट्रीय तीरंदाज खिलाड़ी लोरी को खेल उपकरण देने का भी फैसला लिया गया। साथ ही मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट पर सिंथेटिक सतह बनाने, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को नकद धनराशि और स्पोर्ट्स किट देने, खेल उपकरण खरीदने आदि पर भी चर्चा की गई।