दिव्यांगों में होती है एक अलग शक्ति व काबिलियत
तावडू। विश्व दिव्यांग दिवस पर नगर के राजकीय मॉडल संस्कृति माध्यमिक विद्यालय में 50 दिव्यांग बच्चों को गर्म जैकेट व जूते-जुराब वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर एसडीएम डॉ. नरेश कुमार व तावडू थाना प्रभारी आइपीएस हेमेंद्र मीणा ने शिरकत की। इस दौरान एसडीएम ने दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों व अन्य लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने दिसंबर 2015 में मन की बात कार्यक्रम में विकलांग को दिव्यांग नाम दिया था। उनके सुझाव के बाद से यह शब्द प्रचलन में है। दिव्यांगों में योग्यता की कोई कमी नहीं होती है और अलग तरह की काबिलियत भी होती है। वहीं हेमेंद्र मीणा ने कहा कि आज दिव्यांग मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं, लेकिन अभी भी समाज में इनके प्रति सोच में एक बड़े बदलाव की जरूरत है।