- सेक्टरों और सार्वजनिक स्थानों पर खुले विद्युत उपकरणों से हादसे की आशंका, लोगों में नाराजगी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर के कई सेक्टरों में जर्जर विद्युत मीटर और खुले बिजली के बॉक्स लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विद्युत निगम की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। सेक्टर-34 उदयगिरी निवासी राणा मुखर्जी ने बताया कि क्षेत्र में कई बिजली के बॉक्स जर्जर हालत में हैं और बारिश के दौरान उनमें करंट प्रवाहित होने की आशंका रहती है। आसपास बच्चों की आवाजाही होने से किसी बड़े हादसे का खतरा बना रहता है। अरुण विहार और अन्य सेक्टरों में भी वर्षों पुराने बिजली मीटर और खुले तार लोगों की चिंता बढ़ा रहे हैं। सेक्टर-105 समेत कई पार्कों में बड़े विद्युत बॉक्स खुले पड़े हैं। वहीं सेक्टर-33ए स्थित रजिस्ट्री विभाग परिसर में भी पैनल बॉक्स खुला होने की शिकायत है। यहां अक्सर स्पार्किंग होने से बिजली आपूर्ति बाधित होती है। रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही वाले इस परिसर में सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने जल्द मरम्मत और सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।