40 परिषदीय स्कूलों के जर्जर भवन का होगा कायाकल्प
वर्ष 23-24 में 33 स्कूलों का हुआ निर्माण, इस वर्ष सात स्कूलों का बढ़ा आंकड़ा
18 स्कूलों में 1.60 करोड़ से बनाई जा रही अतिरिक्त कक्षाएं, मिलेंगी सुविधाएं
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नए साल में जिले के 40 परिषदीय स्कूलों के जर्जर भवन का कायाकल्प होगा। निर्माण के बाद स्कूलों के छात्रों को स्मार्ट क्लास और कंप्यूटर लैब की सुविधाएं मिल सकेंगी। पिछले साल 33 स्कूलों को नया भवन मिला था।
जिले में वर्ष 2023-2024 में 33 परिषदीय स्कूलों का निर्माण हुआ है। इन पर छह करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके अलावा, कई स्कूलों का निर्माण कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) के तहत भी किया गया है। इन स्कूलों के भवन निजी स्कूलों को टक्कर दे रहे हैं। अब शिक्षा विभाग धीरे-धीरे पुराने और जर्जर भवनों को बेहतर बनाने पर कार्य कर रहा है। इसी क्रम में बेसिक शिक्षा विभाग ने जिला स्तर पर जर्जर स्कूलों की सूची मांगी गई। विभाग ने 40 स्कूलों की सूची सौंपी है, जल्द ही निर्माण कार्य कराया जाएगा।
-
1.60 करोड़ में बन रही अतिरिक्त कक्षाएं
जिले में 18 स्कूल ऐसे हैं, जहां छात्रों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मजबूरी में शिक्षकों को छात्रों को खुले में बैठाकर पढ़ाना पड़ रहा है। छात्रों और शिक्षकों की परेशानी को देखते हुए विभाग ने शासन को पत्र लिखकर अतिरिक्त भवन बनवाने की मांग की थी। इस पर 18 स्कूलों में अतिरिक्त कक्षाएं बनाई जा रही है। इसके लिए 1.60 करोड़ रुपये का बजट आया है।
-
राजकीय हाईस्कूल और इंटर कॉलेज में चल रहा निर्माण
अलंकार योजना के तहत राजकीय हाईस्कूल और इंटर कॉलेज में भी कायाकल्प तेजी से चल रहा है। इन स्कूलों में मल्टीपर्पस हॉल, खेल का मैदान और वालीबॉल कोर्ट तैयार किए जा रहे हैं।
-
जिलों के जर्जर स्कूल भवनों का मूल्यांकन किया गया है। इसके आधार पर निर्माण होगा। कुछ स्कूलों का कायाकल्प योजना के तहत भी सुधार किया गया है। इसके अलावा 18 स्कूलों में अतिरिक्त कक्षाएं भी बनाई जा रही हैं। - राहुल पंवार, बेसिक शिक्षा अधिकारी