नोएडा। फेज-1 थाना क्षेत्र के सेक्टर-8 स्थित बांस-बल्ली मार्केट में पुलिस ने अवैध रूप से पटाखे बेच रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी दीपावली के लिए पटाखे लाकर झुग्गी-बस्ती में बेच रहा था। पुलिस ने उसके पास से चखरी, सुतली बम और बुलेट बम समेत बड़ी मात्रा में आतिशबाजी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, सोमवार को पुलिस टीम झुंडपुरा चौकी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। दोपहर करीब एक बजे सूचना मिली कि बांस-बल्ली मार्केट के बंगाली मोहल्ले की झुग्गियों में एक युवक चोरी-छिपे पटाखे बेच रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और युवक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान संजू कटियार (20) निवासी सेक्टर-122, नोएडा के रूप में हुई। थाना प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ला ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पटाखों को जब्त कर लिया गया है।