नोएडा। बहलोलपुर में बिजली आपूर्ति बहाल करने पहुंचे संविदा लाइनमैन और उसके साथी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। दोनों को गंभीर हालत में सड़क पर छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना में लाइनमैन के सिर में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने उसकी पत्नी की शिकायत पर कोतवाली सेक्टर-63 पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। सेक्टर-63 निवासी बबली भाटी ने पुलिस से शिकायत की है कि उनके पति अमित कुमार भाटी सेक्टर-65 बिजलीघर में संविदा लाइनमैन हैं। 17 सितंबर की रात करीब 10 बजे वह घर पर खाना खा रहे थे। इसी दौरान बहलोलपुर की गली नंबर एक में बिजली गुल होने की सूचना मिली। इसके बाद अमित अपने साथी अमरपाल के साथ फॉल्ट ठीक करने के लिए वहां गए थे। कुछ देर बाद बबली को पति और उनके साथी के साथ मारपीट की जानकारी मिली। वह मौके पर पहुंचीं तो दोनों वहां नहीं मिले। स्थानीय लोगों ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। कोतवाली प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।