ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 में एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगाते हुए युवक के खिलाफ तहरीर दी है। पीड़ित पिता की तहरीर पर बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित पिता ने बताया कि वह पहले ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र में रहते थे। 22 अप्रैल 2026 को वह और उसकी पत्नी रोज की तरह काम पर गए थे। शाम को घर लौटने पर पता चला कि उनकी पुत्री सुबह से घर पर नहीं है। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर जानकारी मिली कि उनकी बेटी एक युवक के साथ बाइक पर बैठकर गई थी। पिता ने बताया कि उसे राहुल निवासी बुलंदशहर पर शक हुआ। इसके बाद वह जलालपुर पहुंचे तो युवक के माता-पिता ने बताया कि उनका बेटा ही उसकी बेटी को लेकर गया है। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। ब्यूरो