अदालत से
ग्रेटर नोएडा। सत्र अदालत ने सड़क दुर्घटना में हुई मृत्यु के एक मामले में आरोपी सचिन कोअग्रिम जमानत प्रदान कर दी है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि यदि विवेचना के दौरान आरोपी की गिरफ्तारी की जाती है तो उसे 50 हजार रुपये के निजी बंधपत्र तथा समान धनराशि की दो जमानतें प्रस्तुत करने पर रिहा किया जाएगा। मामला थाना दनकौर क्षेत्र में दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा है। अभियोजन के अनुसार वादी देवेंद्र ने थाना दनकौर में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उसके भाई बबलू को एक ट्रैक्टर ने तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल बबलू को उपचार के लिए शारदा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के संबंध में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। अदालत ने दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद आरोपी को अग्रिम जमानत दी है।