नोएडा। सेक्टर-34 स्थित एक महिला के घर से चोर लाखों की ज्वेलरी व नकदी चुरा ले गए। घटना के वक्त महिला अपने चचेरे भाई के घर गई हुई थी। मामले में कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। सेक्टर-34 स्थित उदयगिरि में किराये पर रहने वाली तरुणिमा अस्थाना ने पुलिस से शिकायत की है कि वह अपने चचेरे भाई के पास सेक्टर 35 स्थित फ्लैट पर गई थी। बुधवार सुबह को वापस आईं तो घर का मेन गेट खुला पड़ा था। कमरों के अंदर अलमारी में रखा सामान इधर-उधर फैला पड़ा था। चोर घर से सोने की दो अंगूठी, दो चेन, दो ब्रेसलैट, चांदी के दस सिक्के, 1.50 लाख रुपये चोरी कर ले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।