रबूपुरा (संवाद)। कोतवाली क्षेत्र में जमीन के लिए कलयुगी बेटों ने अपने पिता के साथ मारपीट की और उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद पिता ने थाने में शिकायत की है और पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पचोकरा गांव निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि वह अपने बेटे विनोद के साथ रहते हैं। उनकी गांव में पैतृक भूमि है। सोमवार को वह अपने घर में बैठे हुए थे, तभी उनके दो बेटे घर पर पहुंचे और बंटवारे की बात कही। बेटों ने जमीन उनके नाम करने को कहा। जब उन्होंने जमीन नाम करने से इनकार किया तो दोनों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।