नोएडा। कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस ने सेक्टर-52 के होशियारपुर गांव स्थित होटल में रुपये के लेनदेन को लेकर हुई मारपीट और फायरिंग के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में राहुल, आशु, मनीष और विकल शामिल हैं। इनमें राहुल के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद हुई है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात होशियारपुर गांव निवासी मिथुन, नितिन और काले अपने साथियों के साथ होटल में पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान उनके चचेरे भाई विशाल यादव, विकास, राहुल यादव, पुष्पेंद्र, आशु और अन्य युवक वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच रुपये के बकाया भुगतान को लेकर मारपीट हुई थी। कोतवाली प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है ।