ग्रेटर नोएडा। कासना कस्बे में गोली लगने से घायल हुए 16 वर्षीय किशोर की सोमवार देर रात को अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। किशोर सैलून में काम करता था और घटना के समय दुकान पर मौजूद था। गोली लगने के बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अलीगढ़ के टप्पल थाना क्षेत्र के अटारी गांव निवासी 16 वर्षीय प्रिंस उर्फ राजा कासना कस्बे में रहकर एक हेयर सैलून पर काम करता था। रविवार रात वह सैलून पर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक गोली चलने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके पेट में लगी थी। मौके पर पहुंचे लोगों ने घायल किशोर को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कस्बे में रहने वाले विकल्प के पास उसके भतीजे शिवा की लाइसेंसी पिस्टल थी। इसी दौरान पिस्टल से मैगजीन निकालने के दौरान अचानक गोली चल गई। गोली पास स्थित हेयर सैलून में मौजूद प्रिंस के पेट में जा लगी थी। ब्यूरो