ग्रेटर नोएडा। 130 मीटर रोड पर रविवार शाम करीब 7 बजे तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब चार फीट गहरे नाले में जा गिरी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने किसी तरह बाइक सवार युवक को नाले से बाहर निकाला। जानकारी के मुताबिक दादरी निवासी युवक एक निजी कंपनी में काम करता है। रविवार को काम खत्म करने के बाद वह 130 मीटर रोड से तिलपता की ओर जा रहा था। साकीपुर के पास अंडरपास पार करने के बाद सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर के पास बाइक अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। तेज रफ्तार में बाइक स्पीड ब्रेकर से गुजरने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में जा गिरी। बाइक को भी नाले से निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। गमीमत रही कि युवक को चोट नहीं लगने पर उसने किसी तरह की शिकायत दर्ज नहीं कराई।