ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर किनारे खड़े दिल्ली के दंपती को तेज रफ्तार गाड़ी ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई राकेश कुमार की तहरीर पर ईकोटेक-1 कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। दिल्ली निवासी राकेश कुमार ने तहरीर में बताया कि उनके भाई दिनेश (44) और भाभी अंजू 20 सितंबर की शाम यमुना एक्सप्रेसवे पर जीबीयू चौराहे के पास नोएडा से आगरा की ओर करीब चार किलोमीटर आगे सड़क किनारे खड़े थे। तभी दिल्ली की तरफ से आई एक गाड़ी को उसके चालक ने दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। दिनेश और अंजू अपने पीछे चार छोटे बच्चे छोड़ गए हैं। इनमें 13 वर्ष का बेटा, 10 वर्ष की बेटी और 7 व 4 वर्ष के दो बेटे शामिल हैं। माता-पिता के साये के उठ जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं कोतवाली प्रभारी अरविंद वर्मा का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो