दनकौर (संवाद)। मंडी श्याम नगर कस्बे में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता की हत्या करने का मामला सामने आया है। औरैया जिले के रहने वाले यशपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी वर्षा की शादी इसी साल 19 अप्रैल को मंडी श्याम नगर निवासी जतिन के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी में दिए गए दहेज से ससुराली खुश नहीं थे। इसके चलते उनकी बेटी को आए दिन प्रताड़ित किया जाता था। यशपाल का आरोप है कि मंगलवार रात दहेज की मांग को लेकर ससुरालियों ने वर्षा की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति जतिन, सास रेशमा और ससुर सोनू के खिलाफ केस दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।