माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र के हबीबपुर गांव में दामाद को बंधक बनाकर मारपीट का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है। सेक्टर-41 नोएडा में रहने वाले सिद्धार्थ कुमार का कहना है कि उसकी शादी 6 दिसंबर 2024 को निशु निवासी हबीबपुर से हुई थी। आरोप है कि उसकी पत्नी अपने चाचा संजय के अनुचित प्रभाव में थी। संजय ने उसे फोन पर परिवार से अलग रहने का दबाव बनाया और बात न मानने पर गाली-गलौज करते हुए गोली मारकर हत्या करने की धमकी दी। 16 जून 2025 को वह अपने रिश्तेदार सनी के साथ हबीबपुर गया था। तभी संजय व साहिल नामक एक व्यक्ति उसकी गाड़ी को रोका और दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद पीड़ित का अपहरण कर एक कमरे में ले जाया गया। जहां पहले से कुछ लोग मौजूद थे। आरोप है कि संजय, साहिल व अन्य ने उसकी बेरहमी से पिटाई की। घटना स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगे होने की बात भी कही गई है। वहीं, कोतवाली प्रभारी अजय कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।