नोएडा। जमीन विवाद में दादरी रोड पर कार सवार व्यक्ति पर चार लोगों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। आरोपियों ने मारपीट के दौरान एक मामले से पीछे हटने की धमकी भी दी। किसी तरह जान बचाकर भागे पीड़ित ने फेज-2 थाने में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। इलाहाबांस गांव निवासी आजाद खारी बुधवार शाम करीब पौने 7 बजे कार से घर लौट रहे थे। दादरी रोड पर सीएनजी पंप के पास सामने से आई फॉर्च्यूनर कार से बचने के प्रयास में उनकी कार का साइड मिरर टूट गया। वह नुकसान देखने के लिए नीचे उतरे तो फॉर्च्यूनर से चार युवक बाहर आए और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। आरोपियों ने रवि प्रधान से जुड़े मामले से हटने की चेतावनी देते हुए जान से मारने की धमकी दी। एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। ब्यूरो