नोएडा। सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में दादरी रोड पर खड़े एक ट्रक से बैटरियां चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-22 निवासी श्रीधर त्रिपाठी एक निजी कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि हैं। उनकी कंपनी का माल 8 सितंबर को ई-वे बिल और चालान के साथ सेक्टर-140 से गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी स्थित एक ई-व्हीकल कंपनी के लिए भेजा गया था। रात अधिक होने के कारण चालक मनी ने वाहन को थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में दादरी रोड स्थित पिलर नंबर-92 के पास खड़ा कर दिया। इसके बाद वाहन को लॉक कर वह घर चला गया। अगले दिन सुबह जब चालक वाहन के पास पहुंचा तो ट्रक में रखी बैटरियां गायब मिलीं। थाना प्रभारी डीपी शुक्ला ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। ब्यूरो