रुपयों के लेनदेन में दो भाईयों को कमरे में बंद कर पीटा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-63 छिजारसी में रुपयों के लेनदेन में दो भाइयों को एक कमरे में बंद कर पीटे जाने की घटना सामने आई है। थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दी गई शिकायत में ग्रेटर नोएडा के सरस्वती कुंज तिगरी निवासी गौरव गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह पिछले कई वर्षों से सेक्टर-62 गोल चक्कर के पास चाय की ठेली लगाते हैं। दो अप्रैल को वह और उनका ममेरा भाई गौरव अग्रवाल सेक्टर-63 स्थित छिजारसी के रामाचौक पर किसी काम से आए थे। यहां संदीप, धर्मेंद्र उर्फ भूरा, रंजीत और एक अज्ञात व्यक्ति मिल गए। आरोप है कि आरोपियों ने रुपयों के लेनदेन को लेकर हनुमान मंदिर के निकट अपने ऑफिस पर ले गए। जहां आरोपियों ने कमरे में बंद करके मारपीट की। दोनों को गंभीर चोट आईं। सेक्टर-63 थाना प्रभारी अमित काकरान ने बताया कि शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफतार कर लिया गया है। ब्यूरो