दनकौर (संवाद )। दनकौर-सिकंदराबाद रोड पर गहरे गड्ढे हादसों का कारण बन रहे हैं। शुक्रवार शाम कनारसी गांव के पास करीब सात सवारियों से भरा ई-रिक्शा गड्ढे में फंसकर पलट गया। हादसे में सात लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। स्थानीय निवासी सुमित नागर, पुनीत, त्रिलोक, राकेश और ओमवीर का आरोप है कि सड़क पर कई जगह गहरे गड्ढे हैं। बारिश के बाद इनमें पानी भरने से वाहन चालकों को गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। पिछले एक महीने में गड्ढों के कारण कई हादसे हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद संबंधित विभाग ने सड़क की मरम्मत नहीं कराई।