-स्पीड ब्रेकर पर गिरने से आई थी गंभीर चोट, एक माह इलाज के बाद तोड़ा था दम
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सड़क हादसे में मेडिकल के छात्र की मौत के मामले में थाना इकोटेक-प्रथम पुलिस ने करीब दो माह बाद अज्ञात रेपिडो बाइक चालक के खिलाफ रविवार को प्राथमिकी दर्ज की है।लखनऊ निवासी अशोक कुमार पाण्डेय ने बताया कि उनका बेटा शुभम पाण्डेय (25) ग्रेटर नोएडा के निम्स कॉलेज में मेडिकल की पढ़ाई के प्रथम सेमेस्टर में था। 25 अगस्त 2026 को वह रक्षाबंधन पर लखनऊ स्थित घर आने के लिए निकला था। रात करीब 12 बजे शुभम के मोबाइल से पिता के पास फोन आया। दूसरी ओर से किसी अन्य व्यक्ति ने बताया कि उनका बेटा गंभीर हालत में ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती है। आरोप है कि गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी के गेट के सामने चालक लापरवाही से बाइक चला रहा था। उसने शुभम को हेलमेट भी उपलब्ध नहीं कराया था। यूनिवर्सिटी के पास बने स्पीड ब्रेकर पर बाइक अनियंत्रित होने से शुभम सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि चालक ने कोई सहायता किए बिना उसे वहीं छोड़ दिया और बाइक लेकर भाग गया। बेटे की 30 सितंबर 2026 को इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं कोतवाली प्रभारी अरविंद वर्मा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।