रबूपुरा (संवाद)। कोतवाली क्षेत्र के गांव मुरादगढ़ में मामूली विवाद में बुजुर्ग और गांव के युवक को गोली मारने वाले बदमाशों की तलाश में पुलिस की दबिश लगातार जारी है। घटना के बाद पुलिस ने दो बदमाशों को 4 घंटे में ही गिरफ्तार कर लिया था। वहीं दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था। जबकि अभी भी पांच नामजद आरोपी पुलिस की पहुंच से दूर हैं। बता दें कि गांव मुरादगढी के विक्की ने पुलिस को शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 12 अगस्त को रात 11:30 बजे बंटी उर्फ मलिंगा, बबलू, अक्षय उर्फ अक्की, कुश, दीपक, प्रिंस, राहुल भूपेंद्र उर्फ़ भूपन, भजन ने वादी के घर पर आकर विवाद किया था और गोलियां चला दी थी। कोतवाली प्रभारी श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि पुलिस की तीन टीमें अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।