रबूपुरा। कस्बे के मोहल्ला आजाद नगर में शुक्रवार को बाइक को साइड देने को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। पहले दोनों के बीच बहस हुई और फिर मारपीट होने लगी।आजाद नगर निवासी वाहिद शुक्रवार को अपनी बाइक से जा रहा था। तभी मुहल्ले में रहने वाला कासिम भी सामने से गुजरा। बाइक किनारे करने को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ा की दोनों पक्ष के परिजन हाथों में लाठी डंडे लेकर एक दूसरे से भिड़ गए। मारपीट में एक पक्ष के मोहसिन, कासिम और नाजिम घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कोतवाली पुलिस ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि अभी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। संवाद