पिनगवां। खंड के अकबरपुर गांव में लंबे समय से चली आ रही रास्ते पर जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए जिला परिषद की ओर से नालियों के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है। गांव के मुख्य रास्ते के सहारे बनाई जा रही इन नालियों से आसपास के पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सकेगी। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या कई वर्षों से बनी हुई थी, जिसके कारण बिना बरसात के भी रास्ते पर पानी भरा रहता था और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग को अवगत कराया गया था। अब जिला परिषद द्वारा नालियों के निर्माण का कार्य शुरू होने से गांववासियों में खुशी का माहौल है। संवाद