नोेएडा। शहर के सेक्टर- 16ए स्थित फिल्म सिटी की पार्किंग में एक व्यापारी की नई कार में शरारती तत्वों ने पेंट डाल दिया। इसको लेकर व्यापारी ने सेक्टर 20 थाना पुलिस को शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि सेक्टर-19 स्थित जेजे कॉलोनी निवासी निर्दोष भाटी एक डेयरी व्यापारी हैं। शनिवार की जब वह सेक्टर -16ए स्थित फिल्म सिटी की पार्किंग में खड़ी अपनी नई हुंडई कार को लेने गए तो उन्होंने देखा कि किसी ने उनकी कार पर लाल और सफेद रंग का पेंट गिरा दिया है। इसके चलते उनकी कार का बाहरी हिस्सा पूरी तरह से खराब हो गया। वहीं इस घटना को लेकर उनकी ओर से एक वीडियो भी बनाया गया जो कि सोशल मीडिया पर जमकर प्रसारित हो रहा है। पुलिस की ओर से हुई सीसीटीवी की जांच के दौरान सामने आया कि रात करीब 2:27 बजे स्कूटर पर पार्किंग एरिया में कुछ लोग आए थे। उनमें से दो ने हेलमेट पहना हुआ था, जबकि तीसरे ने अपना चेहरा सफेद कपड़े से ढक रखा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद