नोएडा। मोबाइल छीनकर बाइक से भागने के दाैरान बदमाश गिर गया। घिरता देख बदमाश सेक्टर-113 थानाक्षेत्र में ही बाइक और मोबाइल छोड़कर मौके से भाग निकला। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने बाइक पुलिस को सौंप दी। सेक्टर-122 के रहने वाले मधुर ने बताया कि शनिवार की रात वह पैदल किसी स्थान पर जा रहे थे। रास्ते में परिचित की कॉल आने पर फोन पर मधुर बात करने लगे। इतने में एक बाइक सवार बदमाश मौके पर आया और मोबाइल छीनकर बाइक तेजी से चलाने लगा। छिनैती के दौरान बदमाश ने बाइक से नियंत्रण खो दिया जिस वजह से वह सड़क पर गिर गया। मधुर के शोर मचाने पर अन्य राहगीर भी इकट्ठा हो गए। स्वयं को घिरता देख बदमाश छिनैती का मोबाइल और बगैर नंबर प्लेट की बाइक मौके पर छोड़कर भाग निकला। थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि बदमाश की तलाश की जा रही है। ब्यूरो