दनकौर (संवाद)। अमरपुर गांव निवासी समता सैनिक दल के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष नगेन्द्र ने ऊंची दनकौर स्थित अपने आवासीय प्लाट पर अवैध कब्जे और निर्माण को तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। नगेन्द्र के मुताबिक, उन्होंने करीब एक महीने पहले ऊंची दनकौर में एक आवासीय प्लाट खरीदा था। आरोप है कि प्लाट खरीदने के बाद कुछ लोगों ने वहां आने-जाने का रास्ता बंद कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने अभद्रता की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। आरोप है कि मंगलवार को कुछ लोग उनके प्लाट पर पहुंचे और वहां बने कमरों में तोड़फोड़ कर दी। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार का कहना है कि शिकायत लेकर जांच की जा रही है।