यमुना सिटी (संवाद)। यमुना सिटी के रबूपुरा में बुधवार देर रात मुहल्ला मीणा ठाकुरान में एक मकान में शॉर्ट सर्किट के बाद आग लग गई। मुहल्ला मीणा ठाकुरान निवासी धर्मपाल मेहनत मजदूरी करते हैं। बुधवार रात को गर्मी होने के कारण उनका सारा परिवार खाना खाने के बाद छत पर सोने चला गया था। रात में जब बिजली आई तो घर के अंदर तार से शॉर्ट सर्किट हुआ और चिंगारी निकली। देखते ही देखते आग ने घर में रखे सामान को जलाना शुरू कर दिया। मुहल्ले के लोगों को जब आग की जानकारी हुई तो लोग बाल्टियों में पानी लेकर आग पर फेंकते नजर आए और लोगों ने अपने घर के सबमर्सिबल पंप चालू करके आग पर काबू पाया। लेकिन इस आगजनी में घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया।