दनकौर। कस्बे में सड़क हादसे में एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बागपत जिले के बड़ौत कस्बा निवासी अमित कुमार ने पुलिस शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उनका बेटा अमन तोमर नोएडा में डेटा एनालिस्ट का कोर्स कर रहा था। 13 नवंबर की सुबह पर्व नाम के युवक ने फोन कर अमन के सड़क हादसे में घायल होने और उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराने की जानकारी दी। परिजन अस्पताल पहुंचे तो अमन की मौत हो चुकी थी। आरोप है कि अस्पताल में मौजूद पर्व, शुभ और शिवम ने बताया कि अमन और नितिन कार से गौड़ सिटी दनकौर से निकले थे। वे तीनों दूसरी कार से उनके पीछे चल रहे थे। आरोप है कि नितिन तेज रफ्तार और लापरवाही से कार चला रहा था। इसी दौरान कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। पिता ने आरोप लगाया कि बेटे के दोस्तों ने सड़क हादसा बताकर वास्तविक स्थिति छिपाने की कोशिश की। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पिता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।