दादरी (संवाद)। बादलपुर कोतवाली क्षेत्र में जीटी रोड स्थित कूड़ी खेड़ा मोड़ के समीप कार और बाइक की टक्कर में घायल बाइक सवार युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के बाद पैतृक गांव लौट गए। घटना के करीब दो सप्ताह बाद मृतक के पिता ने कार नंबर के आधार पर बुधवार को आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि संभल जनपद के कुंवरपुर गांव निवासी दिनेश परिवार के साथ रहते हैं। उनका 21 वर्षीय बेटा राजू 11 अगस्त को बाइक से गांव जा रहा था। कूड़ी खेड़ा गांव के मोड़ के समीप कार से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। घायल राजू की उपचार के दौरान 13 अगस्त को मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी ने बताया कार नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान की जा रही है |