ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक- 1 कोतवाली क्षेत्र में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर करीब दो माह पहले हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। राजस्थान के भरतपुर निवासी लक्ष्मण ने पुलिस को बताया कि उनका भाई योगेश नीमराना राजस्थान स्थित साइट पर काम करता था। 12 जून को कंपनी के काम से वह नोएडा के सेक्टर-6 आया था। लाैटते समय योगेश ने मथुरा के नगला गांव निवासी मोहन से बाइक पर लिफ्ट ली थी। दोनों बाइक से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से गुजर रहे थे। देर शाम माइल स्टोन संख्या 90.3 के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। ब्यूरो