नोएडा (संवाद)। सेक्टर-34 मेट्रो स्टेशन के पास सर्विस लेन में खड़ी क्रेटा कार चोरी हो गई। ग्रेटर नोएडा निवासी रविंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे से शाम सात बजे के बीच उन्होंने अपनी क्रेटा कार सेक्टर-34 मेट्रो स्टेशन के पास सर्विस लेन में खड़ी की थी। इस दौरान वह मेट्रो से दिल्ली चले गए और लौटने पर कार निर्धारित स्थान पर नहीं मिली। उन्होंने आसपास काफी तलाश की लेकिन कार का कोई पता नहीं चला। थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया की सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर कार और चोरों की तलाश की जा रही है।