नोएडा। सेक्टर-113 थाना पुलिस ने भारतीय सेना के एक मेजर की कार हड़पने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि आरोपी ने दोस्ती और भरोसे का फायदा उठाया। आरोपी ने कार वापस नहीं की, जबकि कई महीने बीत चुके हैं। महागुन मॉडर्न सोसाइटी निवासी नरेंद्र रजोरा ने थाने में शिकायत देते हुए बताया कि मेजर कार्तिक भारद्वाज की होंडा सिटी कार उनके पास थी, जो भारतीय सेना में कार्यरत हैं। 30 नवंबर 2025 को सेक्टर-120 स्थित लिलास अपार्टमेंट निवासी शालेक ने नरेंद्र को फोन किया। शालेक ने बहन की तबीयत खराब होने और लुधियाना इलाज के लिए तुरंत जाने का बहाना बनाया। कोई अन्य साधन न होने की बात कहकर उसने कार मांगी। नरेंद्र और शालेक दोस्त थे, इसलिए नरेंद्र ने मेजर कार्तिक की कार की चाबी शालेक को दे दी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी शालेक ने शुरू से ही धोखाधड़ी की नीयत से कार ली थी। उसने वाहन वापस करने के लिए कई बार संपर्क करने पर भी टालमटोल की। अब वह कार को हड़पने का प्रयास कर रहा है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो