रबूपुरा (संवाद)। रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के गांव रौनीजा में महिला का अश्लील वीडियो व फोटो वायरल करने वाले ड्राइवर की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। उसने अपने मालिक की पत्नी के साथ खुद का अश्लील वीडियो व फोटो वायरल किया था। जिसके बाद इस मामले की शिकायत की गई है। रौनीजा गांव के रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। उसने बताया कि बरेली का रहने वाला राजवीर सिंह उनके यहां ड्राइवर का काम करता था। 27 अगस्त को वह नौकरी छोड़कर चला गया था। शिकायत कर्ता ने बताया कि नौकरी छोड़कर जाने के बाद आरोपी ड्राइवर ने एआई का दुरुपयोग करके उनकी पत्नी के साथ अपनी अश्लील फोटो वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा है। वहीं शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपी की तलाश में जुटी है।