ग्रेटर नोएडा। दादरी कोतवाली क्षेत्र के कैमराला गांव निवासी रिकवरी एजेंट की हत्या के मामले में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन व ग्रामीण शुक्रवार को सूरजपुर स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने जल्द ही बाकी आरोपितों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। कैमराला गांव निवासी फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंट हरिकेश और दोस्त मोहित को दो कार से पहुंचे हमलावरों ने पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। हरिकेश की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। आरोप है कि गांव निवासी प्रशांत ने अपने साथियों के साथ मिलकर कार को साइड देने के विवाद में मारपीट की थी। पुलिस अबतक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि अन्य की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजन में नाराजगी है। एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी है। ब्यूरो