दनकौर (संवाद)। मकनपुर बांगर गांव में चौपाल की जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीणों ने आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने दनकौर कोतवाली के एक दरोगा पर विपक्षी पक्ष से मिलीभगत कर जमीन पर कब्जा कराने का आरोप लगाया है। दयानंद, निरंजन, परशुराम, ओमी, धर्मपाल, प्रदीप और सुरेंद्र समेत अन्य ग्रामीणों ने मंगलवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की चौपाल की जमीन पर लंबे समय से विवाद था, जिसका निपटारा पंचायत से हो चुका था। इसके बावजूद एक दरोगा ने विपक्षी पक्ष के साथ मिलकर जमीन पर कब्जा करा दिया। ग्रामीणों ने पहले भी पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पुलिस कमिश्नर से निष्पक्ष जांच और आरोपी दरोगा सहित कब्जा करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की।